भिंड में वोट डालने जा रहे युवक को गोली मारी:एमपी की 9 लोकसभा सीटों 9 बजे तक 14.22% वोटिंग

भिंड में वोट डालने जा रहे युवक को गोली मारी

भिंड शहर के शिवपुरी का पुरा में एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी। गोली से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक देहात थाना क्षेत्र के शिवहरे का पुरा में रहने वाले राघवेंद्र पुत्र महेंद्र खटीक (25) सुबह करीब 8 बजे अपने घर से वोट डालने जा रहा था, तभी कुछ लोगों ने गोली चला दी। राघवेंद्र गोली लगते ही गिर पड़ा। बताया गया कि हमलावरों का उससे पुराना विवाद चल रहा था।

बैतूल : मुल्ताई के दातोरा मतदान केंद्र पर तैनात एक कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़ा। इसका नाम गिरधारीलाल यादव बताया गया।

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मध्यप्रदेश की 9 सीटों पर सुबह 9 बजे तक 14.22 प्रतिशत वोटिंग हुई। इनमें मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, राजगढ़, विदिशा, सागर, बैतूल और भोपाल सीट शामिल हैं। 127 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता वोट करेंगे। भिंड में वोट डालने जा रहे एक युवक को घेरकर कुछ लोगों ने गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी है। इधर, मुरैना में कांग्रेस कैंडिडेट सत्यपाल सिकरवार ने पुलिस-प्रशासन पर वोटिंग डंप कराने के आरोप लगाए। मुरैना के ही एक गांव गाड़ी खेड़ा का बूथ दूसरे गांव में बनाने से नाराज वोटरों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। डॉ. मोहन सरकार के मंत्री एंदल सिंह कंसाना इसी गांव से हैं।

मुरैना, शिवपुरी, राजगढ़ समेत कुछ जिलों से मतदान का बहिष्कार करने की भी सूचना है। यहां कुछ गांवों में सड़क और नहर नहीं होने की बात कहते हुए वोट डालने से मना कर दिया।

बता दें, चुनाव आयोग ने 20 हजार 456 मतदान केंद्र बनाए हैं। इनमें 5,744 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। पोलिंग टीम में करीब 81 हजार कर्मचारी हैं।

मिसेज इंडिया अपेक्षा डबराल ने भोपाल में वोट डाला। वे यूनिवर्सल वूमेन 2024 भी हैं। अपेक्षा ने मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे मतदान जरूर करें।

मुरैना का गाड़ी खेड़ा गांव सुमावली विधानसभा क्षेत्र में आता है। यहां से विधानसभा चुनाव एंदल सिंह कंसाना जीते, जो मंत्री हैं। इस गांव का पोलिंग बूथ दूसरे गांव में बनाया गया है। इससे नाराज लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। यहां 414 वोटर हैं। अभी तक केवल 9 वोट डले हैं। इनमें 7 वोट ग्रामीणों और 2 अधिकारियों के हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *